आज की ताजा खबर

बारिश नहीं रोक सकी उत्साह, लोधेश्वर धाम में मुख्यमंत्री को सुनने उमड़ा जनसैलाब देर रात से बारिश के बावजूद सुबह से जुटने लगी भीड़, मंच से मुख्यमंत्री बोले— लोधेश्वर महादेव के दर्शन कर मन गद्गद हो गया

top-news

बाराबंकी। देर रात से हो रही लगातार बारिश ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लोधेश्वर महादेव धाम कार्यक्रम की तैयारियों के सामने चुनौती जरूर खड़ी की, लेकिन समर्थकों और श्रद्धालुओं के उत्साह को नहीं रोक सकी। सुबह मौसम की प्रतिकूलता के बावजूद कार्यक्रम स्थल पर हजारों लोगों का कारवां लगातार बढ़ता गया। जैसे-जैसे मुख्यमंत्री के आगमन की तैयारियां तेज हुईं, वैसे-वैसे जनसभा स्थल लोगों से भरता चला गया। बारिश के बीच उमड़ी भीड़ ने यह संदेश दिया कि विपरीत परिस्थितियां भी लोगों के उत्साह को कम नहीं कर सकीं।

 बारिश के बीच बढ़ता गया जनसमर्थन, नेताओं ने भी जताया उत्साह  

सुबह तक लगातार हो रही बारिश के कारण प्रशासन के साथ-साथ भाजपा कार्यकर्ताओं में भी कार्यक्रम को लेकर संशय की स्थिति बनी रही। हालांकि मौसम की चुनौती के बावजूद बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम स्थल पहुंचते रहे। जनसभा में उमड़ी भीड़ को देखकर भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष शशांक कुशमेश ने कहा कि यह जनसमर्थन आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव की झलक जैसा प्रतीत होता है। उनका कहना था कि विपरीत मौसम के बावजूद लोगों का उत्साह मुख्यमंत्री के प्रति विश्वास और समर्थन को दर्शाता है।


 मंच से बोले मुख्यमंत्री— लोधेश्वर महादेव के दर्शन से मिला आत्मिक आनंद  

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का इस वर्ष बाराबंकी का यह चौथा दौरा था। देर रात से हो रही बारिश और सोमवार सुबह तक बने खराब मौसम के चलते कार्यक्रम के निरस्त होने की भी चर्चाएं होती रहीं, लेकिन निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री लोधेश्वर धाम पहुंचे। मंदिर में विधिवत दर्शन-पूजन और अभिषेक के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने सबसे पहले भगवान लोधेश्वर महादेव के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने कहा, "आज लोधेश्वर महादेव का पूजन-अर्चन कर मेरा मन गद्गद हो गया।" उन्होंने क्षेत्र की धार्मिक और सांस्कृतिक महत्ता का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार इस पवित्र धाम के विकास और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के विस्तार के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *