आज की ताजा खबर

मौत के साये में सरकारी सहकारी समिति से लेते है किसान खाद

top-news

राठ (हमीरपुर)। स्थानीय रामलीला मैदान के करीब स्थित सरकारी सहकारी क्रय-विक्रय समिति का पुराना भवन बेहद जीर्णशीर्ण अवस्था में है। कई दशकों पुराने इस भवन की छत बरसात में जगह-जगह से टपक रही है, जिससे गोदाम में रखा यूरिया और डीएपी खाद भीग रहा है। वहीं छत से प्लास्टर और ईंटें गिरने के कारण किसानों व कर्मचारियों पर हर समय मौंत का संकट मंडराता रहता है। किसानों की मजबूरी है कि उन्हें खाद पाने के लिए यहां पहुंचकर लाईन में खड़ा रहना पड़ता है वहीं कर्मचारियों को भी खाद वितरण के लिए इस जर्जर भवन में बैठना पड़ता है। 
स्थानीय किसानों का कहना है कि कई वर्षों से भवन जर्जर हालत में है, लेकिन अब तक न तो इसके पुनर्निर्माण की पहल हुई और न ही सरकारी सहकारी क्रय-विक्रय समिति को किसी दूसरे सुरक्षित भवन में स्थानांतरित किया गया है। बरसात में छत से पानी टपकने के कारण कई बार किसानों को भीगी खाद लेने की मजबूरी होती है। उनका कहना है कि इससे खाद की गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका रहती है। खाद वितरण के दौरान सैकड़ों किसान इसी भवन में घंटों इंतजार करते हैं। किसानों का दावा है कि पिछले तीन वर्षों में कई बार छत का प्लास्टर गिर चुका है और उसकी चपेट में आने से लोग बाल-बाल बचे हैं। समिति के कर्मचारी भी इसी खस्ताहाल भवन में काम करने को मजबूर हैं और बरसात के मौसम में खौफ के साथ काम करते है कर्मचारियों के मन में किसी अनहोनी की चिंता बनी रहती है। किसानों ने आरोप लगाया कि कई बार अधिकारियों को शिकायत देने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने मांग की है कि समिति के लिए नया भवन स्वीकृत किया जाए। तब तक खाद वितरण और भंडारण की व्यवस्था किसी सुरक्षित भवन में की जाए तथा जर्जर भवन की तकनीकी जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते कदम नहीं उठाए गए तो किसी भी दुर्घटना की जिम्मेदारी संबंधित विभाग और प्रशासन की होगी। यहा मौजूद रवींद्र, जयसिंह, रामप्रकाश, प्रेम, जयप्रकाश, प्रेमवती, रामसखी, मलखान, नारायण, कमलाकांत, भवानीदीन और लेखराज सहित अन्य किसानों ने कहा कि खेती-किसानी से जुड़ी सबसे महत्वपूर्ण संस्था स्वयं बदहाली का शिकार है, जिसका सीधा नुकसान किसानों को उठाना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से किसी अनहोनी का इंतजार करने के बजाय तत्काल नया भवन बनवाने और सुरक्षित स्थान से खाद वितरण शुरू कराने की मांग की।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *