आज की ताजा खबर

अमेठी में सड़क सुरक्षा पर सख्ती: डीएम संजय चौहान ने दिए दुर्घटनाएं रोकने के निर्देश, एआरएम रोडवेज का एक दिन का वेतन रोका

top-news

जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में ब्लैक स्पॉट सुधार, अतिक्रमण हटाने और ट्रैफिक नियमों के कड़ाई से पालन पर जोर

अमेठी। अमेठी में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी संजय चौहान की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने गौरीगंज और जायस में चयनित टैक्सी स्टैंडों पर आवश्यक सुविधाएं विकसित करने, कमरौली रेलवे क्रॉसिंग के चौड़ीकरण का कार्य शीघ्र शुरू कराने तथा जगदीशपुर और इन्हौना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे हुए अतिक्रमण को अभियान चलाकर हटाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग करने वालों के खिलाफ 15 दिनों का विशेष अभियान चलाकर अधिक से अधिक चालान करने के निर्देश भी दिए।


बैठक में ब्लैक स्पॉट्स के सुधार, साइन बोर्ड लगाने, स्पीड ब्रेकर, रोड मार्किंग, सड़क मरम्मत, स्कूल और सार्वजनिक वाहनों की नियमित जांच, ड्रिंक एंड ड्राइव, बिना हेलमेट और बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। सड़क किनारे झाड़ियों की कटाई, टोल प्लाजा पर आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता तथा सड़क सुरक्षा को लेकर जनजागरूकता अभियान चलाने पर भी विशेष जोर दिया गया।

गौरीगंज बस स्टेशन निर्माण कार्य की समीक्षा के दौरान एआरएम रोडवेज के बैठक में अनुपस्थित रहने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने एआरएम का एक दिन का वेतन रोकने तथा स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए।

बैठक में पुलिस अधीक्षक सरवणन टी., मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *