आज की ताजा खबर

प्रेम कहानी का दर्दनाक अंत: विवाह के 4 माह बाद पत्नी की हत्या कर थाने जाकर पति ने कहा— ‘गिरफ्तार करो’

top-news

कानपुर। महाराजपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को सनसनीखेज घटना सामने आई। एक युवक ने पत्नी की हत्या करने के बाद खुद थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। आरोपी ने पुलिस से कहा कि उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है और सरेंडर करने आया है। यह सुनते ही थाना परिसर में हड़कंप मच गया।

आरोपी की पहचान फतेहपुर जिले के मोहनपुर गांव निवासी सचिन सिंह के रूप में हुई है। वह रूमा स्थित न्यू हाईटेक सिटी में किराये के कमरे में पत्नी के साथ रहता था। सचिन किराये का ऑटो चलाकर जीवन यापन करता था। उसने करीब चार माह पहले गांव की ही श्वेता सिंह से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद दोनों कुछ समय गुजरात में रहे। बाद में कानपुर आकर रहने लगे।

पुलिस के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। सचिन को पत्नी के चरित्र को लेकर शक था। शुक्रवार रात विवाद बढ़ गया। उसी रात पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को समझा-बुझाकर घर भेज दिया गया।

शनिवार तड़के पति-पत्नी के बीच फिर कहासुनी हुई। इसी दौरान सचिन ने गुस्से में पत्नी की हत्या कर दी। घटना के बाद वह कुछ समय इधर-उधर भटकता रहा। इसके बाद सुबह महाराजपुर थाने पहुंचकर उसने खुद को पुलिस के हवाले कर दिया।

सूचना मिलते ही पुलिस आरोपी को लेकर उसके कमरे पर पहुंची। वहां चारपाई पर महिला का शव मिला। मौके पर फोरेंसिक टीम को बुलाया गया। डीसीपी पूर्वी और एसीपी चकेरी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि विवाह से पहले भी दोनों के बीच प्रेम संबंध थे। उस दौरान उसके खिलाफ छेड़छाड़ और दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज हुआ था। वह कुछ समय जेल भी गया था। जेल से छूटने के बाद दोनों ने विवाह कर लिया था। आरोपी ने यह भी बताया कि उसे पत्नी पर लंबे समय से शक था, जिस कारण आए दिन झगड़ा होता था।

महाराजपुर थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। महिला के परिजनों को सूचना दे दी गई है। तहरीर मिलने के बाद विधिक कार्रवाई की जा रही है। मामले की जांच सभी पहलुओं से की जा रही है।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *